Latest News / ताज़ातरीन खबरें

प्रत्येक विकास खंड से 02 ग्राम प्रधान सम्मानित, स्वरोजगार को बढ़ावा

देवरिया । वित्तीय वर्ष 2025-26 में खादी ग्रामोद्योग प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने हेतु जनपद के प्रत्येक विकास खंड से 02 ग्राम प्रधानों को जनपद स्तर पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिक से अधिक खादी एवं ग्रामोद्योग इकाइयों की स्थापना को प्रोत्साहित करना रहा।
  जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी वीरेन्द्र प्रसाद ने कार्यक्रम के दौरान विभागीय योजनाओं—मुख्यमंत्री ग्रामोद्योग रोजगार योजना, पीएमईजीपी (PMEGP), पंडित दीनदयाल ग्रामोद्योग रोजगार योजना, माटीकला योजना, कौशल सुधार प्रशिक्षण योजना तथा माइक्रो कॉमन फैसिलिटी सेंटर स्थापना—की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
        कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा प्रत्येक चयनित ग्राम प्रधान को 2000 रुपये की नगद धनराशि, अंगवस्त्र एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
       इस अवसर पर मुरारी मोहन शाही, अजीत कुमार सिंह (जिला पंचायत सदस्य), बी.पी. सिंह (सहायक विकास अधिकारी), अजहरूद्दीन अंसारी (वरिष्ठ सहायक), रजनीश मिश्रा, राहुल गुप्ता, दिनेश गौड़ सहित जनपद के सभी विकास खंडों से आए ग्राम प्रधान उपस्थित रहे। ग्राम प्रधानों का चयन मुख्य विकास अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी एवं जिला ग्रामोद्योग अधिकारी वीरेन्द्र प्रसाद की समिति द्वारा किया गया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh