आवारा कुत्तों का आतंक कमरे में घुसकर बकरो को नोचा आधा दर्जन की मौत ग्रामीणों में दहशत, प्रशासन से कार्रवाई की मांग
आजमगढ़। जनपद के सगड़ी तहसील अंतर्गत अंजान शहीद गांव में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बीती रात गांव निवासी तालिब पेटी वाले के घर में बाउंड्री के अंदर बने कमरे में बंद बकरों पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। जानकारी के अनुसार, आवारा कुत्तों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसपैठ की और वहां बंधे बकरों को बुरी तरह नोच डाला। इस हमले में करीब आधा दर्जन बकरों की मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब पशु मालिक ने कमरे का दरवाजा खोला तो कुछ कुत्ते अंदर ही फंसे हुए मिले, जिन्हें बाद में बाहर निकाला गया। पीड़ित ने बताया कि ये बकरे बकरीद (ईद) के लिए पाले गए थे, जिनकी कीमत लगभग 60 हजार रुपये आंकी जा रही है। घटना से परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। आए दिन कुत्ते पशुओं पर हमला कर रहे हैं। बीते दिन इसरार अंसारी के भैंस के पाड़े को भी कुत्तों ने काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुत्तों का झुंड राहगीरों को भी दौड़ाता है, जिससे पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई करते हुए आवारा कुत्तों से निजात दिलाने की मांग की है।
























































Leave a comment