Accidental News / दुर्घटना की खबरें

बोलोरो की टक्कर से छात्रा की मौत सहेली गंभीर रूप से घायल स्कूल से घर लौटते समय हुआ दर्दनाक हादसा, चालक वाहन समेत फरार

आजमगढ़। जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 13 वर्षीय छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी सहेली गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार पासीपुर नेशनल हाईवे 233 के पास स्थित कंपोजिट विद्यालय पासीपुर रसूलपुर की छात्राएं शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी के बाद पैदल अपने घर लौट रही थीं। दिनांक 13 मार्च 2026 को करीब 3:10 बजे आरुषि (13) पुत्री अरुण राम निवासी लहरपार थाना कप्तानगंज, जनपद आजमगढ़ तथा संजना (14) पुत्री रमेश राजभर निवासी पासीपुर थाना कप्तानगंज स्कूल से घर की ओर जा रही थीं। बताया जा रहा है कि जब दोनों छात्राएं पासीपुर पुलिया लहरपार के पास पहुंचीं, तभी तेज रफ्तार सफेद रंग की बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आरुषि गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी और कुछ ही देर में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं संजना भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर थाना अध्यक्ष जय प्रकाश पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृत छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस आजमगढ़ भेज दिया, जबकि घायल संजना को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और वाहन की तलाश की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृत छात्रा के घर में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण करने और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh