सड़क हादसे दो की मौत मुबारकपुर-सठियांव मार्ग पर ट्राली व मंदुरी में कार की टक्कर से हुआ हादसा
आजमगढ़। जिले में 24 घंटे के भीतर हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिवारों में कोहराम मच गया, वहीं क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने दोनों मामलों में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार सुबह मुबारकपुर-सठियांव मार्ग पर गन्ने से लदे ट्रैक्टर ने साइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि साइकिल सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान स्थानीय क्षेत्र के आदमपुर निवासी 64 वर्षीय रामबचन चौहान के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर समेत चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच जारी है। मंगलवार रात कंधरापुर थाना क्षेत्र के मंदुरी में तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अतरौलिया बाजार निवासी 35 वर्षीय गुड्डू सोनी के रूप में हुई है, जो किराना व श्रृंगार की छोटी दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। जानकारी के अनुसार, गुड्डू सोनी मंगलवार रात करीब 9:30 बजे शहर से दुकान का सामान लेकर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। मंदुरी के पास पीछे से आ रही अनियंत्रित कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल गुड्डू को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई संतराम सोनी ने कंधरापुर थाने में अज्ञात कार चालक के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। गुड्डू सोनी अपने पीछे पत्नी अर्चना, 10 वर्षीय पुत्र यश और 5 वर्षीय पुत्री तनु को छोड़ गए हैं। उनकी असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और नगर पंचायत क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।















































Leave a comment