Crime News / आपराधिक ख़बरे

किराना व्यापारी की हत्या से सनसनी, चोरों ने 4 बोरी गेहूं चोरी किया, पहचान होने पर राकेश की कर दी हत्या , बेटी शव से लिपटकर रोई, पिता बोले“बेटे ने चोरों को पहचान लिया था”

कादीपुर (सुलतानपुर) कोतवाली क्षेत्र के कादीपुर खुर्द बाजार में बुधवार की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां किराना व्यापारी राकेश कुमार (46) की निर्मम हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह जब पड़ोसी दुकान के सामने पहुंचे तो राकेश का शव चारपाई पर खून से लथपथ पड़ा मिला। उनके सिर पर लाठी-डंडों से कई वार किए गए थे। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

बरामदे में सो रहे थे राकेश, रात में ही हमला
जलालपुर पाण्डेय का पूरा निवासी रामकेवल गुप्ता की कादीपुर खुर्द( देवाढ़) में किराना दुकान है, जिसे वह अपने बेटे राकेश के साथ मिलकर चलाते थे। रोज की तरह दुकान बंद कर राकेश बरामदे में सो गए थे। देर रात अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया।

सुबह घटना की खबर फैलते ही भीड़ जमा हो गई। परिजनों को बुलाया गया तो राकेश की बेटी पिता का शव देखकर फफक पड़ी और रोते हुए उनसे लिपट गई। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं।

4 बोरी गेहूं चोरी, नाले में छुपाया
घटना के बाद जांच में यह भी सामने आया कि दुकान से चार बोरी गेहूं चोरी किया गया था, जिसे नाले में छुपाकर रखा गया था। मृतक के पिता रामकेवल गुप्ता ने आरोप लगाया कि बेटे ने चोरों को पहचान लिया था, इसलिए उसकी हत्या कर दी गई।

फॉरेंसिक और क्राइम ब्रांच ने की पड़ताल
सूचना मिलते ही सीओ कादीपुर विनय गौतम, प्रभारी निरीक्षक श्याम सुंदर, फॉरेंसिक टीम, क्राइम ब्रांच और अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और बारीकी से जांच की। सीओ गौतम ने बताया कि मामले के जल्द खुलासे के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

मृतक राकेश कुमार के दो बेटे अंगद और अनुराग हैं, जिनमें अंगद विवाहित है। एक बेटी सपना भी है, जो पिता के निधन से बेहाल है।

पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh