Crime News / आपराधिक ख़बरे

दरोगा ने सरकारी आवास में ले जाकर कर दिया रेप ।एसएसपी ने सीओ को सौंपी जांच

बदायूं। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां कादरचौक थाने के एक दरोगा पर लापता किशोरी को तमिलनाडु से बरामद करने के बाद छेड़छाड़ और दुष्कर्म का आरोप लगा है। पीड़िता का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह दरोगा हरिओम के खिलाफ गंभीर आरोप लगाती नजर आ रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने जांच सीओ उझानी को सौंप दी है।
कादरचौक थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी 9 जून को पड़ोस के गांव भमुईया के मुस्लिम युवक मुजक्किर के साथ चली गई थी। परिजनों ने मुजक्किर, पप्पू और गांव की ममता के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। बरामदगी में देरी होने पर परिजनों ने 20 जून को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ थाने पर धरना दिया। इसके बाद पुलिस ने किशोरी और मुजक्किर की लोकेशन तमिलनाडु में ट्रेस की और 23 जून को किशोरी को बरामद कर बदायूं लाया गया।
किशोरी को महिला पुलिसकर्मी की सुपुर्दगी में वन स्टॉप सेंटर भेजा गया, जहां मेडिकल परीक्षण और कानूनी कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट में दर्ज बयान में किशोरी ने बताया कि विवेचना अधिकारी दरोगा हरिओम ने ट्रेन में उसके साथ छेड़छाड़ की और थाने पहुंचने के बाद सरकारी आवास में दुष्कर्म किया। किशोरी ने यह भी आरोप लगाया कि दरोगा ने उसे धमकी दी कि अगर उसने इस बारे में किसी को बताया तो अंजाम बुरा होगा।
किशोरी ने अपनी दादी पर ढाई लाख रुपये में उसे मुजक्किर को बेचने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। इस दावे ने मामले को और जटिल बना दिया है।
मामला सामने आने से पहले दरोगा हरिओम का तबादला शाहजहांपुर हो चुका है। अब इस प्रकरण की जांच एसआई नाहर सिंह को सौंपी गई है, जो कोर्ट में दर्ज 164 बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर विवेचना करेंगे। पुलिस ने मुजक्किर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि मुकदमे में नामजद अन्य दो आरोपियों पप्पू और ममता की भूमिका की जांच जारी है। इन दोनों की गिरफ्तारी अभी बाकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। साक्ष्य जुटाने के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh