Crime News / आपराधिक ख़बरे

सुजीत सिंह उर्फ भकोले पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित, 50 हजार रुपये की रंगदारी और लड़कियों को उठा ले जाने की धमकी का मामला

आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हेमराज मीना ने थाना कोतवाली क्षेत्र में रंगदारी मांगने के मामले में वांछित और फरार अभियुक्त सुजीत सिंह उर्फ भकोले पर 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार घोषित किया है। अभियुक्त सुजीत सिंह उर्फ भकोले (43 वर्ष), पुत्र भगवान सिंह, ग्राम उकरौड़ा, थाना कोतवाली, आजमगढ़ का निवासी है।

बीते 27 मार्च को कोतवाली थाने में एक पीड़िता ने लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, सुजीत सिंह उर्फ भकोले, प्रदीप सिंह और अजीत सिंह, सभी पुत्र भगवान सिंह, गुंडा प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं। इन लोगों ने पीड़िता से 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी और उसकी जवान लड़कियों को उठा ले जाने की धमकी दी। शिकायत में बताया गया कि 26 मार्च की रात करीब 12 बजे सुजीत सिंह अपने भाइयों के साथ पीड़िता के घर पहुंचा। उन्होंने तमंचा दिखाकर दरवाजा खुलवाया और 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। पीड़िता के बच्चों द्वारा शोर मचाने पर पड़ोसियों की आवाज सुनकर अभियुक्त गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इस शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। विवेचना के दौरान अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई कदम उठाए। 3 अप्रैल 2025 को न्यायालय से गैर-जमानती वारंट और 11 अप्रैल 2025 को धारा 84 बीएनएसएस के तहत उद्घोषणा प्राप्त की गई, जिसे नियमानुसार तामील कराया गया। इसके बावजूद अभियुक्त फरार रहा। लंबे समय से फरार सुजीत सिंह उर्फ भकोले की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी हेमराज मीना ने आज 19 मई को जनपद स्तर पर 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की। पुलिस ने अभियुक्त की तलाश तेज कर दी है और जनता से अपील की है कि उसके बारे में कोई भी जानकारी होने पर नजदीकी पुलिस स्टेशन या संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh