जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री अभिजित आर. शंकर की उपस्थिति में मिशन शक्ति अभियान का हुआ शुभारम्भ
देवरिया। जनपद देवरिया में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलम्बन एवं सशक्तीकरण को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 का पुलिस लाइन देवरिया में भव्य शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर मा0 विधायक रामपुर कारखाना श्री सुरेन्द्र चौरसिया द्वारा महिला पुलिसकर्मियों एवं छात्राओं की जागरूकता पैदल रैली को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी देवरिया श्री मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री अभिजित आर. शंकर सहित जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
मिशन शक्ति फेज-6.0 के शुभारम्भ के अवसर पर आयोजित जागरूकता रैली के माध्यम से समाज में महिला सुरक्षा, लैंगिक समानता, नारी सम्मान एवं महिला सशक्तीकरण का संदेश प्रसारित किया गया। रैली में महिला पुलिसकर्मियों एवं छात्राओं की सहभागिता महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रही।
मिशन शक्ति फेज-6.0 के अन्तर्गत जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर महिला सुरक्षा एवं जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत मिशन शक्ति पुलिस टीमों द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में महिलाओं तथा बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों, महिला कल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को वूमेन पावर लाइन-1090, पुलिस आपातकालीन सेवा-112, महिला हेल्पलाइन-181, चाइल्ड हेल्पलाइन-1098 तथा साइबर अपराध हेल्पलाइन-1930 के सम्बन्ध में जानकारी प्रदान की जा रही है। साथ ही किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध अथवा अन्य आपराधिक घटनाओं की स्थिति में निर्भीक होकर पुलिस से सहायता प्राप्त करने एवं शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री अभिजित आर. शंकर के निर्देशन में जनपद के समस्त थाना प्रभारियों एवं मिशन शक्ति टीमों को महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, उनकी शिकायतों को संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर सुनने तथा प्राप्त शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी विधिक कार्रवाई करने हेतु निर्देशित किया गया है। इसके अतिरिक्त सार्वजनिक स्थलों, शिक्षण संस्थानों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में महिला सुरक्षा के दृष्टिगत सतर्कता बरतने तथा जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर विशेष बल दिया जा रहा है।
मिशन शक्ति फेज-6.0 का उद्देश्य केवल महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता एवं अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता विकसित करना भी है। अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को नारी सम्मान एवं महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए ऐसा वातावरण विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसमें महिलाएं एवं बालिकाएं स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित एवं सशक्त महसूस कर सकें।
देवरिया पुलिस की आमजन से अपील है कि महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा तथा सम्मान सुनिश्चित करने में सक्रिय सहभागिता निभाएं। किसी भी प्रकार की महिला उत्पीड़न सम्बन्धी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें।





















































Leave a comment