Latest News / ताज़ातरीन खबरें

प्रधानमंत्री आवास योजना से पक्के घर का सपना हुआ साकार जर्जर कमरे और टीनशेड से मिली मुक्ति

देवरिया  । प्रधानमंत्री आवास योजना- सबके लिए आवास (शहरी) जरूरतमंद परिवारों के लिए खुशहाली का माध्यम बन रही है। योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को पक्का मकान मिलने से उनके जीवन स्तर में सुधार आ रहा है। ऐसी ही एक लाभार्थी हैं देवरिया खास के वार्ड नंबर-11 निवासी सुमन देवी, पत्नी श्रवण विश्वकर्मा, जिनका पक्के मकान का सपना योजना के माध्यम से साकार हुआ है।
        सुमन देवी ने बताया कि उनका परिवार पहले एक जर्जर कमरे और टीनशेड के नीचे रहने को मजबूर था। बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता था, जिससे घर में रखा राशन, बच्चों की किताबें और ताला-चाभी बनाने के रोजगार से जुड़ा सामान खराब हो जाता था। घर में शौचालय की समुचित व्यवस्था न होने के कारण भी परिवार को परेशानी उठानी पड़ती थी। सीमित आर्थिक संसाधनों के चलते टीनशेड की जगह पक्का मकान बनवाना उनके लिए संभव नहीं था। बच्चों को पढ़ाई करने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
        उन्होंने बताया कि पड़ोसियों के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) की जानकारी मिलने पर उन्होंने आवास के लिए आवेदन किया। इसके बाद जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के अधिकारियों द्वारा उनके घर का सर्वेक्षण किया गया और उन्हें योजना के लिए पात्र पाया गया। योजना के अंतर्गत उनके बैंक खाते में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय किस्त की धनराशि भेजी गई, जिससे उनका पक्का मकान बनकर तैयार हो गया।
          सुमन देवी के अनुसार, पक्का मकान बनने के बाद उनके परिवार की जिंदगी में सकारात्मक बदलाव आया है। अब बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण मिल रहा है और उनके शैक्षणिक प्रदर्शन में भी सुधार हुआ है। वहीं, ताला-चाभी बनाने और बेचने के उनके रोजगार को भी सहारा मिला है। अब परिवार को बरसात में घर के सामान के खराब होने की चिंता नहीं रहती और जीवनयापन पहले की अपेक्षा आसान हो गया है।
       सुमन देवी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) ने उनके परिवार को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराकर बेहतर जीवन की राह दिखाई है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh