बांझपन निवारण शिविर में 30 पशुओं का उपचार, पशुपालकों को किया गया जागरूक
देवरिया। पशुपालन विभाग के सौजन्य से विकास खण्ड बैतालपुर अन्तर्गत ग्राम पंचायत बेलडरिया के राजस्व ग्राम धतुरा खुर्द स्थित शिव मंदिर परिसर में वृहद बांझपन निवारण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दीग्विजय यादव एवं पशुधन प्रसार अधिकारी निशाकान्त तिवारी द्वारा कुल 30 पशुओं का पंजीकरण कर विस्तृत परीक्षण किया गया। परीक्षणोपरान्त बांझपन से ग्रसित पशुओं को आवश्यक औषधियां वितरित की गई तथा उचित उपचार दिया गया।
इस अवसर पर पशु चिकित्साधिकारी डॉ. दीग्विजय यादव ने पशुपालकों को वैज्ञानिक पशुपालन के गुर बताते हुए कहा कि पशुओं को वर्ष में तीन से चार बार कृमि नाशक दवा अवश्य खिलानी चाहिए। पशुओं के समय से गाभिन होने एवं दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए मिनरल मिक्चर पाउडर का नियमित सेवन कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि ब्याने के तीन से चार माह के भीतर पशु के पुनः गाभिन होने के लिए संतुलित आहार एवं पोषण पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
शिविर के दौरान पशु मित्र राजकुमार यादव, दुष्यंत तिवारी एवं सुभाष चन्द्र द्वारा पशुपालकों को विभागीय योजनाओं से संबंधित बुकलेट वितरित की गई तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न पशुपालन योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया।





















































Leave a comment