मुक्ति धाम की बदहाली को लेकर कांग्रेस ने दिया ज्ञापन आंदोलन की चेतावनी
देवरिया।बरहज तहसील के भागलपुर टिस्वल मुक्ति धाम पर व्याप्त अव्यवस्था को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को उपजिलाधिकारी बरहज को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस प्रवक्ता रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि मुक्ति धाम पर हो रहे अव्यवस्थित व्यवहार एवं समस्याओं को लेकर यह ज्ञापन दिया जा रहा है। इस दौरान अग्रसेन सिंह, चन्द्र श्रवण कुशवाहा, सलेन्द्र सिंह, दुर्गेश सिंह, उदय पाल सिंह, अवधेश कुमार, आकृत गौड़ आदि मौजूद रहे।
ज्ञापन में चार सूत्रीय मांग
1. मुक्ति धाम पर खराब पड़े नलकूप को तत्काल ठीक कराया जाए, ताकि उक्त घाट तथा बिहार से शव लेकर आने वाले नागरिकों को कम से कम पीने का पानी मिल सके।
2. खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट को तत्काल रिपेयर कराया जाए।
3. घाट पर कुछ महिलाओं द्वारा शराब पीकर नशे में अंतिम संस्कार के लिए आए शव के साथ अभद्रता की जा रही है, इसे रोकने के लिए पुलिस की व्यवस्था की जाए।
4. घाट पर भौंकते रहने वाले आवारा कुत्तों के आतंक से नागरिकों को निजात दिलाई जाए।
ज्ञापन में कहा गया है कि इन मूलभूत समस्याओं का समाधान जनहित में परमावश्यक है। अतः इसका संज्ञान लेते हुए आवश्यक कदम उठाकर यथोचित कार्रवाई की जाए। यदि समस्याओं का समाधान नहीं होता है तो कांग्रेस पार्टी जनहित में व्यापक आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी तथा इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
























































Leave a comment