Crime News / आपराधिक ख़बरे

15 दिन बाद सऊदी से आया अब्दुल कादिर का शव सड़क हादसे में गई थी जान, गांव के कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक

सुल्तानपुर। सऊदी अरब में सड़क हादसे में जान गंवाने वाले हुसैनगंज (बधुआ कला) क्षेत्र के हसनपुर गांव निवासी अब्दुल कादिर (26) का पार्थिव शरीर 15 दिन बाद बृहस्पतिवार को गांव पहुंचा। शव पहुंचते ही घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों की मौजूदगी में हुसैनगंज के कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।

नाजिम के पुत्र अब्दुल कादिर छह जून 2023 को रोजगार के लिए सऊदी अरब गए थे। 24 सितंबर को सड़क हादसे में उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव के इंतजार में थे। विदेश से पार्थिव शरीर लाने की प्रक्रिया पूरी होने में 15 दिन लग गए।

शव स्वदेश लाने में समाजसेवी एवं भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अब्दुल हक ने भी सहयोग किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और रियाद स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क कर प्रक्रिया आगे बढ़ाने में मदद की।

बृहस्पतिवार को लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचा शव गांव लाया गया। अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुटी। इसके बाद नम आंखों के बीच सुपुर्द-ए-खाक किया गया। अब्दुल हक ने कब्रिस्तान पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh