सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत रंगोली में दिखा शिक्षा, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम का संदेश
देवरिया ।सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत जन-जागरूकता एवं सामाजिक सरोकारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जीआईसी विद्यालय परिसर में आकर्षक एवं संदेशपरक रंगोली बनाई गई। विशाल रंगोली के माध्यम से शिक्षा, स्वच्छता, पर्यटन, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण तथा राष्ट्रप्रेम सहित विभिन्न जनकल्याणकारी विषयों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
रंगोली के प्रमुख आकर्षणों में “समग्र शिक्षा”, “ऑपरेशन कायाकल्प” तथा “अतिथि देवो भवः” जैसे संदेशों को प्रमुखता से स्थान दिया गया। इसके साथ ही रंगोली में भारत के मानचित्र, तिरंगा, लोक-संस्कृति एवं कला को दर्शाते हुए राष्ट्रप्रेम और सांस्कृतिक गौरव का संदेश दिया गया।
रंगोली में संगीत एवं भारतीय कला-संस्कृति को भी विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया है। मां सरस्वती एवं वाद्य यंत्रों के चित्रण के माध्यम से विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ-साथ कला एवं संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करने का संदेश दिया गया। वहीं विभिन्न सामाजिक संदेशों के माध्यम से स्वच्छता, जनभागीदारी और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रंगोली न केवल कला की सुंदर अभिव्यक्ति रही, बल्कि इसके माध्यम से “शिक्षा, संस्कार, स्वच्छता, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम” को एक साथ जोड़कर समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया।
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत बनाई गई यह रंगोली जनभागीदारी, रचनात्मकता और सामाजिक जागरूकता का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आई।


























































Leave a comment