Latest News / ताज़ातरीन खबरें

नहर में डूबने से अधेड़ की मौत,

आजमगढ जनपद के अतरौलिया। थाना क्षेत्र के पहिया भदेवा गांव निवासी 52 वर्षीय ओमप्रकाश सिंह उर्फ डब्लू की सोमवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में नहर में डूबने से मौत हो गई। प्राथमिक विद्यालय भदेवा मझौली के पास नहर में उनका शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने घटना की जांच कराने के साथ शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, ओमप्रकाश सिंह पुत्र स्व. शीतला प्रसाद सिंह सोमवार को किसी काम से बाजार गए थे। उनके चाचा अशोक सिंह ने बताया कि मदियापार बाजार से घर लौटते समय प्राथमिक विद्यालय भदेवा मझौली के पास शौच करते समय वह नहर में गिर गए और डूब गए। देर शाम करीब 8:30 बजे तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान नहर में ओमप्रकाश का शव पड़ा मिला।
परिजन उन्हें तत्काल अतरौलिया स्थित 100 शैय्या अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। ओमप्रकाश खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत से पत्नी कनकलता, पुत्र प्रशांत सिंह और दो विवाहित पुत्रियों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चाचा अशोक सिंह ने अतरौलिया थाने में तहरीर देकर घटना की जांच कराने और पोस्टमार्टम कराने की मांग की। थानाध्यक्ष अश्विन कुमार दुबे ने बताया कि तहरीर प्राप्त होने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh