नाबालिग को बहला-फुसलाकर पंजाब ले जाने का आरोपी गिरफ्तार
बिलरियागंज/आजमगढ़। थाना बिलरियागंज पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर पंजाब ले जाने के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को सोमवार 5 अक्टूबर को भीमबर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल कुमार पुत्र महेश राजभर उर्फ महेंद्र सिंह, निवासी महडौड का पुरा, थाना रौनापार, आजमगढ़, हाल पता खैराबाद रोपड़, थाना चमकौर साहिब, जनपद रूपनगर (पंजाब), उम्र करीब 27 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को बिंदवल निवासी अमित राजभर ने थाने में तहरीर दी थी कि उनके घर पर रिश्तेदार का लड़का विशाल कुमार कुछ दिनों तक काम करता था। काम समाप्त होने के बाद वह अपने घर चला गया। आरोप है कि इसके बाद उसने वादी की करीब 15 वर्षीय बहन को बहला-फुसलाकर अपने साथ पंजाब लेकर चला गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने अपहृता को 20 सितंबर 2026 को बरामद कर उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया था। वहीं, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस को सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में नामजद वांछित विशाल कुमार बीबीपुर की तरफ से भीमबर नहर पुलिया की ओर आ रहा है। सूचना पर उपनिरीक्षक इसरार अहमद ने पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचकर रास्ते में करीब 200 मीटर दूरी पर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बिलरियागंज में मुकदमा अपराध संख्या 194/2026, धारा 87, 137(2), 65(1) बीएनएस तथा 5L/6 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पूछताछ में आरोपी ने अपना बयान न्यायालय में अधिवक्ता के माध्यम से देने की बात कही। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक इसरार अहमद, कांस्टेबल छट्ठु साहनी तथा रिजर्व कांस्टेबल ओमकार सिंह शामिल रहे।





















































Leave a comment