Latest News / ताज़ातरीन खबरें

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बाढ़रोधी तटबंध के निर्माण की गुणवत्ता पर जताई चिंता

देवरिया । घाघरा नदी में आई बाढ़ के बाद बाढ़रोधी तटबंध की स्थिति और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चिंता जताई है। कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भागलपुर पहुंचकर पूर्व में कराए गए बाढ़रोधी तटबंध के कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण में पहले से उठाई जा रही अनियमितताओं के आरोपों को दोहराते हुए मौजूदा स्थिति पर नाराजगी जाहिर की। नदी की तेज जलधारा तटबंध के ऊपर से बहने और उसके आसपास कटान की स्थिति को देखते हुए उन्होंने भविष्य में बड़े खतरे की आशंका जताई।
वरिष्ठ कांग्रेस प्रवक्ता रवि प्रताप सिंह ने कहा कि घाघरा की तेज धारा से तटबंध के किनारे की मिट्टी लगातार उजागर हो रही है। इसके बावजूद संबंधित जिम्मेदार अधिकारी निर्माण कार्यों में हुई अनियमितताओं पर आंखें मूंदे बैठे हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो वर्ष 1998 जैसी बाढ़ की भयावह स्थिति दोबारा उत्पन्न हो सकती है।
 भागलपुर के कालीचरण घाट की बदहाल व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। कहा कि आसपास के सैकड़ों गांवों से लोग अपने परिजनों का अंतिम संस्कार करने के लिए इस घाट पर पहुंचते हैं, लेकिन यहां समुचित सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। घाट के किनारे कीचड़ और दलदल के साथ नदी की ओर गहरी खाई बनी हुई है। ऐसे में लोगों को जान जोखिम में डालकर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती है। स्नान-ध्यान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के भी नदी में लापता होने की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
किसान कांग्रेस देवरिया के महासचिव प्रहलाद तिवारी ने कहा कि घाट पर पेयजल और विद्युत व्यवस्था दुरुस्त नहीं होने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि यहां व्यवस्थित मुक्ति धाम का निर्माण कराया जाए तथा घाट की साफ-सफाई, प्रकाश और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि समय रहते तटबंध की कमियों को दूर करने और घाट के विकास पर ध्यान दिया गया होता तो लोगों को इस तरह की परेशानियों और संभावित दुर्घटनाओं का सामना नहीं करना पड़ता। उन्होंने प्रशासन से तटबंध की गुणवत्ता की जांच कराने और कालीचरण घाट पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
पूर्व प्रधान गुलाबचंद यादव, अखिलेश, उदय शंकर, रमेश, सनी, गीता देवी, सोनू, ओमप्रकाश, बृजेश सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh