सेवा संकल्प अभियान में नगर पंचायत घोसी में हुआ रक्तदान, ईओ के साथ अन्य ने किया रक्तदान
घोसी।मऊ। सरकार के निर्देश पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को नगर पंचायत सभागार में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर एवं स्वास्थ्य प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिविर में नगर पंचायत के ईओ अनिल कुमार के साथ कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान लोगों की शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच करने के साथ योग्य लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान कराया गया।
ईओ अनिल कुमार ने कहा कि रक्तदान जीवनदान है। हमारे द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने में काम आ सकता है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य भी समाज में सेवा और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है। लोगों को आगे बढ़कर ऐसे सामाजिक कार्यों में सहभागिता करनी चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शिविर में पहुंचे लोगों की स्वास्थ्य जांच की और उन्हें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के प्रति जागरूक किया। टीम में डॉ. ए के शर्मा, काउंसलर राकेश शर्मा, डॉ. हेमंत सिंह, एलटी मनोज और स्टाफ नर्स पायल राय शामिल रहे।
इस दौरान नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक राकेश पांडेय, सफाई नायक विमलेश, लिपिक अनिल, शादाब खान, सुजीत, शैलेश सहित अन्य कर्मचारियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। अधिकारियों और कर्मचारियों के रक्तदान से शिविर में मौजूद लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरणा मिली।






















































Leave a comment