Crime News / आपराधिक ख़बरे

गंभीरपुर में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

फ्लैट की मांग को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

गंभीरपुर, आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के अबुसईदपुर गांव में सोमवार को 33 वर्षीय विवाहिता रीमा प्रजापति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव निवासी बरखू प्रजापति मुंबई में अपनी पत्नी के साथ रहकर एक कंपनी में काम करते हैं। उनके अनुसार करीब नौ वर्ष पहले उनकी बेटी रीमा प्रजापति की शादी गंभीरपुर थाना क्षेत्र के अबुसईदपुर गांव निवासी तारकेश प्रजापति के साथ हुई थी।

मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि मुंबई में उनके दो फ्लैट हैं और ससुराल पक्ष के लोग कथित तौर पर उनकी बेटी से फ्लैट की मांग करते थे। आरोप है कि इसी बात को लेकर रीमा को प्रताड़ित किया जाता था। सोमवार को रीमा के पति तारकेश ने फोन कर परिजनों को उसकी अचानक मौत की जानकारी दी।

परिजनों के अनुसार सूचना मिलने पर वे अबुसईदपुर गांव पहुंचे और रीमा की मौत के कारण के बारे में ससुराल पक्ष से जानकारी मांगी, लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।

घटना के बाद मृतका के मायके में कोहराम मचा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

थानाध्यक्ष गंभीरपुर अमित कुमार त्रिपाठी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। तहरीर और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh