भाजपा ने बैठक कर बूथ सत्यापन अभियान एवं संगठन मजबूती पर जोर,
घोसी। मऊ । घोसी कोतवाली के सामने स्थित रैन बसेरा सभागार में भारतीय जनता पार्टी घोसी इकाई की ओर से बूथ सत्यापन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक मण्डल अध्यक्ष नागेंद्र मद्धेशिया ‘जीतू’ की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई।जिसमें सहकारिता बैंक के चेयरमैन अखिलेश तिवारी द्वारा बूथों का सत्यापन किया गया।
बैठक में संगठन की मजबूती के लिए बूथ स्तर पर सटीक और अद्यतन जानकारी रखने पर विशेष जोर दिया गया।
चेयरमैन अखिलेश तिवारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली ताकत उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ता होते हैं। यदि बूथ मजबूत होगा, तो संगठन अपने आप मजबूत हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है कि वह अपने-अपने बूथ की पूरी जानकारी रखे और मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखे। बूथ सत्यापन अभियान का उद्देश्य न केवल मतदाता सूची को सुदृढ़ करना है, बल्कि संगठनात्मक ढांचे को भी मजबूत करना है। कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे घर-घर जाकर लोगों से संपर्क करें और सरकार की योजनाओं की जानकारी भी दें, ताकि आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंच सके।
मण्डल अध्यक्ष नागेंद्र मद्धेशिया ‘जीतू’ ने कहा कि पार्टी नेतृत्व के निर्देशानुसार बूथ सत्यापन अभियान को पूरी गंभीरता से चलाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ इस अभियान में भाग लें और निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी बूथों का सत्यापन कार्य पूरा करें।
बैठक के दौरान उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति से अवगत कराया और संगठन को और अधिक सक्रिय बनाने के सुझाव भी दिए। कार्यक्रम में संगठनात्मक एकता और आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए रणनीति पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर अखिलेश तिवारी, रविन्द्र उपाध्याय,नागेंद्र मद्धेशिया ‘जीतू’, विनीत राय, चंद्रशेखर, इंद्र बहादुर सिंह, अतुल शर्मा,उमंग गोड, लीलाधर चौहान, राजीव चौबे, रुपेंद्र भारती, राजेश कुमार मौर्य, राजेश राजभर, डॉ. अंबिका यादव, विजय यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





















































Leave a comment