आजमगढ़ में विश्वकर्मा समाज का होली मिलन समारोह, 2027 में सपा सरकार बनाने का आह्वान
आजमगढ़।विश्वकर्मा भवन नरौली में अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के तत्वावधान में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया और आपसी सौहार्द के साथ होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री राम आसरे विश्वकर्मा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, चन्ददेव राम यादव, जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, विधायक अखिलेश यादव तथा करूणाकान्त मौर्य शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बीरेंद्र विश्वकर्मा ने की तथा संचालन नगर अध्यक्ष दिनेश विश्वकर्मा ने किया।
मुख्य अतिथि राम आसरे विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) विचारधारा देश के लिए सबसे बेहतर है। उन्होंने कहा कि यही विचारधारा सभी वर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है और वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगी।
उन्होंने विश्वकर्मा समाज की राजनीतिक भागीदारी पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान में समाज की हिस्सेदारी लगभग शून्य है। न लोकसभा और न ही विधानसभा में समाज के पर्याप्त प्रतिनिधि हैं, जिसके कारण समाज की समस्याएं सदन में प्रभावी ढंग से नहीं उठ पातीं। उन्होंने कहा कि जिस समाज की सरकार में भागीदारी नहीं होती, उसका समुचित विकास भी संभव नहीं हो पाता।
उन्होंने बताया कि विश्वकर्मा समाज की जनसंख्या लगभग 7 प्रतिशत है और प्रत्येक विधानसभा में 10 से 15 हजार मतदाता हैं, लेकिन संगठन की कमी के कारण यह ताकत दिखाई नहीं देती। यदि समाज एकजुट होकर मतदान करे तो सत्ता परिवर्तन संभव है।
उन्होंने समाजवादी पार्टी की सराहना करते हुए कहा कि सपा ने विश्वकर्मा समाज को पहचान दिलाई, उन्हें एमएलसी और मंत्री बनाया, जबकि भाजपा सरकार पर आरोप लगाया कि उसने समाज की उपेक्षा की है। उन्होंने यह भी कहा कि भगवान विश्वकर्मा की पूजा पर सार्वजनिक अवकाश सपा सरकार में घोषित किया गया था, जिसे बाद में समाप्त कर दिया गया।
भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सरकार केवल वोट लेना चाहती है, लेकिन समाज को उचित प्रतिनिधित्व और अवसर नहीं देना चाहती। उन्होंने विश्वकर्मा समाज से अपील की कि वे एकजुट होकर अपनी राजनीतिक हिस्सेदारी सुनिश्चित करें और समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाएं।
कार्यक्रम को राम अवतार विश्वकर्मा, अमरनाथ विश्वकर्मा, सुनील दत्त विश्वकर्मा, हरिकेश विश्वकर्मा, मनीष विश्वकर्मा, संजय विश्वकर्मा, हरिराम विश्वकर्मा, विनोद विश्वकर्मा, शंभूनाथ विश्वकर्मा, संदीप विश्वकर्मा, राकेश विश्वकर्मा, राम समुझ विश्वकर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया।

























































Leave a comment