चाकूबाजी में युवक घायल, हमलावर गिरफ्तार
आजमगढ़। पैसों के लेनदेन में चाकू से हमला करने वाले युवक को अतरौलिया पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया। हमलावर को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार भेज दिया गया।
बताते हैं कि अतरौलिया थाना क्षेत्र के बसावनपट्टी ग्राम निवासी पंकज मिश्रा पुत्र रामसरोज मिश्रा व उसी गांव के कार्तिकेय पटेल के बीच सोमवार की दोपहर पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान गांव के लोगों की मध्यस्थता से मामला शांत हो गया लेकिन कुछ ही देर बाद पंकज कार्तिकेय पटेल के घर पहुंच कर उसे गाली देने लगा। इस बात का विरोध करने पर पंकज कार्तिकेय के घर में घुसकर उसके ऊपर चाकू से हमला बोल दिया। अपना बचाव करने के दौरान कार्तिकेय की हाथ में गंभीर चोटे आईं। घायल के शोर मचाने पर गांव के लोग जब तक मौके पर जुटते हमलावर पंकज घायल को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घटना के संबंध में घायल युवक के पिता ने इसकी जानकारी मुकामी थाने को दी। घायल पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने हमलावर के विरुद्ध नामजद एफआईआर दर्ज कर लिया। मंगलवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि हमलावर युवक छितौनी बाईपास पुल के समीप मौजूद है। पुलिस तत्काल बताए गए स्थान पर पहुंच कर वहां मौजूद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।



























































Leave a comment