घर में घुसकर मारपीट-तोड़फोड़ का आरोप, पूर्व विधायक समेत 14 पर केस, न्यायालय के आदेश पर सलेमपुर पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच शुरू
देवरिया । सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के रौनीगंगा चक गांव में पुरानी रंजिश को लेकर घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ करने के आरोप में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर पूर्व विधायक समेत 14 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोपितों पर घर की सीढ़ी तोड़ने और ईंटें ले जाने का भी आरोप है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी सीमा देवी पत्नी राजकुमार ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि 16 अगस्त 2026 की सुबह करीब सात बजे गांव के विजय बहादुर, मुकुटमणि, रितेश उर्फ मोहन, अमन, अश्वनी उर्फ भौल्टी, रणविजय, मनबोध प्रसाद (पूर्व विधायक), अगरावती देवी, धानपति देवी, अर्चना, बिमलावती देवी, मुन्नी देवी, निर्मला देवी और रितू लाठी-डंडा, रम्मा और खंती लेकर उनके घर पहुंचे।
शिकायत के मुताबिक, आरोपितों ने घर की खिड़की के पास बनी सीढ़ी को तोड़ दिया और वहां से ईंटें निकालने लगे। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि सीमा देवी और उनकी जेठानी जान बचाने के लिए घर के अंदर भागीं, लेकिन आरोपित घर में भी घुस आए और दोनों के साथ मारपीट की। इस दौरान उनकी जेठानी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश होकर जमीन पर गिर गईं।
न्यायालय के आदेश के बाद सलेमपुर कोतवाली पुलिस ने 14 नामजद आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


























































Leave a comment