Latest News / ताज़ातरीन खबरें

जिलाधिकारी के विशेष अभियान से मूसहर बस्तियों में पहुँची सरकारी योजनाएँ

देवरिया ।समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को शासन की योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के निर्देशन में विकासखंड पत्थरदेवा के ग्राम मलवाबर, सुंदरपुर व आनंदनगर में रहने वाले मूसहर समुदाय के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में इन ग्रामों में प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं का विशेष कैंप आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में मूसहर समाज के लोगों को जरूरी दस्तावेज और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक भी योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसके लिए प्रशासनिक टीम गांव-गांव जाकर ऐसे परिवारों की पहचान कर रही है, जो अब तक किसी कारणवश सरकारी योजनाओं से वंचित रहे हैं। जिन लोगों के पास आवश्यक दस्तावेज नहीं हैं, उनके लिए विशेष कैंप लगाकर जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड सहित अन्य जरूरी दस्तावेज बनवाए जा रहे हैं, ताकि वे शासन की योजनाओं से लाभान्वित हो सकें।
अभियान के तहत अब तक 153 लोगों के जन्म प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं, जबकि गोरखपुर से आई विशेष टीम द्वारा लगाए गए आधार कैंप में 53 लोगों के आधार कार्ड बनाए गए। इसके अलावा 64 लोगों को आवासीय पट्टे स्वीकृत किए गए हैं तथा 21 पात्र लाभार्थियों को मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिया गया है। साथ ही बड़ी संख्या में पात्र व्यक्तियों की पेंशन भी स्वीकृत की गई है।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी श्रुति शर्मा ने ग्रामीणों को बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देश पर लगाए जा रहे इन कैंपों के माध्यम से मूसहर समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कैंप में राजस्व एवं विकास विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे और मौके पर ही कई समस्याओं का निस्तारण करते हुए पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ा गया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh