Accidental News / दुर्घटना की खबरें

अनियंत्रित कार घर की बाउंड्री में घुसी, हंगामा स्टेयरिंग जाम होने का दावा, चालक पर नशे में होने का आरोप, महिला चौकी प्रभारी ने समझौते से कराया मामला शांत

आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के बदरका मोहल्ले में रविवार की रात करीब 10 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कार अनियंत्रित होकर तिराहे के पास स्थित एक घर की बाउंड्री में जा घुसी। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन बाउंड्री दीवार क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चौक क्षेत्र के एक दुकानदार की बताई जा रही है। चालक ने स्टेरिंग जाम होने की बात कही, हालांकि स्थानीय लोगों ने उस पर नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाया। हादसे के बाद कुछ ही देर में मौके पर दर्जनों की संख्या में भीड़ जमा हो गई और चालक के खिलाफ नाराजगी जताने लगी। इस दौरान कार भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब कार मालिक का एक साथी मौके पर पहुंचा और चालक को बचाने का प्रयास किया। भीड़ ने उसके साथ मारपीट कर दी। सूचना पर बदरका की महिला चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचीं, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल न होने के कारण शुरुआती समय में हालात नियंत्रित करने में कठिनाई हुई। स्थानीय लोग बाउंड्री के नुकसान की तत्काल भरपाई की मांग पर अड़े रहे, जबकि चालक अधिक रकम की मांग पर आपत्ति जताते हुए आधी राशि देने की बात कह रहा था। इसी को लेकर काफी देर तक बहस चलती रही। अंततः महिला दरोगा के हस्तक्षेप से दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और नुकसान की भरपाई पर सहमति बनने के बाद मामला शांत हुआ।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh