Latest News / ताज़ातरीन खबरें

रांची से दिल्ली जा रहा एयर एंबुलेंस विमान चतरा में क्रैश, मरीज सहित 7 की दर्दनाक मौत

चतरा (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची से दिल्ली जा रहा एक चार्टर्ड एयर एंबुलेंस विमान मंगलवार को चतरा जिले के जंगलों में क्रैश हो गया। हादसा सिमरिया थाना क्षेत्र के करमाटांड़ गांव के पास हुआ, जहां घने जंगल में विमान गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विमान में सवार मरीज समेत कुल 7 लोगों की दुखद मृत्यु हो गई है।
बताया जा रहा है कि विमान रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के लिए रवाना हुआ था। एयर एंबुलेंस से एक गंभीर रूप से झुलसे (बर्न इंजरी) मरीज को बेहतर इलाज के लिए दिल्ली ले जाया जा रहा था। विमान में मरीज के अलावा डॉक्टर, नर्स, पायलट और अन्य क्रू सदस्य सवार थे।
उड़ान के दौरान अचानक एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से विमान का संपर्क टूट गया। इसके कुछ देर बाद चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र में ग्रामीणों ने तेज आवाज सुनी और जंगल की ओर धुआं उठता देखा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। बाद में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन सभी यात्रियों को बचाया नहीं जा सका।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विमान सीधे जंगल के भीतर गिरा, जिससे उसमें आग लग गई। घने जंगल और दुर्गम रास्तों के कारण राहत कार्य में शुरुआती दिक्कतें आईं। प्रशासन ने क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है। तकनीकी खराबी, मौसम या अन्य कारणों की जांच की जा रही है।
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और ब्लैक बॉक्स की तलाश भी की जा रही है, ताकि हादसे के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके। घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
सरकारी एजेंसियों द्वारा हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए जाने की संभावना है। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक सूचना का इंतजार करने की अपील की है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh