टेंपो-मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल
देवरिया।भागलपुर-पिंडी मार्ग पर शराब की दुकान के पास हुआ हादसा, घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज देवरिया किया गया रेफर
भागलपुर/देवरिया। भागलपुर-पिंडी मार्ग पर मंगलवार को शराब की दुकान के पास टेंपो और मोटरसाइकिल की आमने-सामने भिड़ंत में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची भागलपुर चौकी पुलिस ने घटना की जानकारी लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
बताया गया कि पिंडी की ओर से एक खाली सीएनजी टेंपो भागलपुर की तरफ आ रहा था। इसी दौरान भागलपुर की ओर से तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार पिंडी-लार की तरफ जा रहे थे। शराब की दुकान के पास दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मोटरसाइकिल सवार अमित कुमार गौतम (20), पुत्र अनिल प्रसाद, निवासी अलघटपुर पिपरा बिठ्ठुल, थाना भटनी, की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में मोटरसाइकिल सवार करण कुमार (19), पुत्र कमलेश, निवासी करचो, थाना लार, गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं भागलपुर से पैदल अपने घर देवकली जा रहे मनोज कुमार (32) भी दुर्घटना की चपेट में आकर घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को भागलपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद अमित कुमार गौतम को मृत घोषित कर दिया। वहीं करण कुमार और मनोज कुमार की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज देवरिया रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर भागलपुर चौकी प्रभारी अजय कुमार राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
























































Leave a comment