तेज रफ्तार बोलेरो ने बुजुर्ग व्यक्ति को मारी टक्कर, इलाज के दौरान बुजुर्ग की हुई मौत
देवरिया।बैतालपुर गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर बैतालपुर ब्लॉक चौराहे के पास सोमवार की शाम एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बुजुर्ग को टक्कर मार दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से भाग निकला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के अलगू मणि (बुजुर्ग) सोमवार शाम को बैतालपुर बाजार में दवा लेने आए थे। दवा खरीदने के बाद वह घर जाने के लिए बैतालपुर ब्लॉक चौराहे पर पहुंचे थे। इसी दौरान गोरखपुर से देवरिया की ओर जा रही एक तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह सड़क पर गिरकर खून से लथपथ हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिसका फायदा उठाकर चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया।
स्थानीय लोगों व परिजनों की मदद से घायल अलगू मणि को तुरंत मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहाँ डॉक्टरों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
गौरी बाजार थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपी चालक और वाहन की पहचान के लिए ब्लॉक चौराहे व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

























































Leave a comment