सनसनीखेज चौगुना हत्याकांड का खुलासा: परिवार का बेटा निकला चार हत्याओं का कातिल
एटा।एटा जनपद में हुए सनसनीखेज चारहरे हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस दिल दहला देने वाली वारदात में किसी बाहरी व्यक्ति का नहीं, बल्कि परिवार के ही बेटे कमल सिंह का हाथ सामने आया है। आरोपी ने अपने ही माता-पिता, पत्नी और बेटी की बेरहमी से हत्या कर दी।
पूरा मामला थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहल्ला नगला प्रेमी का है। पुलिस के अनुसार 19 जनवरी 2026 की रात करीब 2:35 बजे सूचना मिली कि एक घर में कई लोगों की हत्या कर दी गई है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
घर के अंदर गंगा सिंह (70), उनकी पत्नी रत्ना देवी (40) और पुत्री काजू ज्योति (23) के शव मिले। वहीं श्यामा देवी (65) गंभीर रूप से घायल अवस्था में पाई गईं, जिन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच के दौरान फॉरेंसिक टीम, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड ने घटनास्थल से भौतिक, रासायनिक और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य एकत्र किए। सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण में आरोपी कमल सिंह की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। फुटेज में घर के अंदर-बाहर आने-जाने का पूरा टाइमलाइन स्पष्ट हुआ, जिससे किसी बाहरी व्यक्ति की संलिप्तता से इनकार हो गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी की बेटी के प्रेम संबंधों और शादी को लेकर लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। साथ ही पैसों के लेन-देन और घरेलू तनाव के चलते आरोपी ने आपा खो दिया और एक-एक कर चारों पर जानलेवा हमला कर दिया।
एटा पुलिस ने आरोपी कमल सिंह के खिलाफ थाना कोतवाली नगर में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को जेल भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



























































Leave a comment