Latest News / ताज़ातरीन खबरें

बिहार के भरत तिवारी एनकाउंटर प्रकरण पर सुलतानपुर में कैंडल मार्च, निष्पक्ष जांच की उठी मांग

कादीपुर (सुलतानपुर)। बिहार में चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर प्रकरण को लेकर उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जनपद में भी लोगों का आक्रोश देखने को मिला। शनिवार को करौंदी कला कस्बे में सैकड़ों युवाओं ने कैंडल मार्च निकालकर मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
हाथों में मोमबत्तियां लिए युवाओं ने कस्बे के प्रमुख मार्गों पर शांतिपूर्वक मार्च निकाला। इस दौरान "भरत तिवारी अमर रहें", "पीड़ित परिवार को न्याय दो" और "निष्पक्ष जांच कराओ" जैसे नारे लगाए गए। मार्च के माध्यम से प्रदर्शनकारियों ने सरकार और प्रशासन का ध्यान इस मामले की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए ताकि सच्चाई सामने आ सके और किसी भी निर्दोष व्यक्ति के साथ अन्याय न हो। उन्होंने मांग की कि यदि जांच में किसी अधिकारी या अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
युवाओं ने कहा कि न्याय व्यवस्था में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए सरकार और प्रशासन को पारदर्शी एवं निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी मामले में गंभीर हस्तक्षेप कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाने की अपील की।
कैंडल मार्च के समापन पर सभी लोगों ने भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और जल्द न्याय मिलने की कामना की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि समय रहते उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस अवसर पर रामफेर मिश्र, शिवपूजन पांडेय, अशोक मिश्रा, वैभवराज पांडेय (एडवोकेट), अवनीश सिंह, सत्यप्रकाश उपाध्याय, मोहित तिवारी, शिव शंकर पांडे, दीपेश सिंह, प्रदीप तिवारी, नीरज पांडे, नितेश तिवारी, प्रशांत पांडेय, अजय उपाध्याय, अमरीष तिवारी, अमित शर्मा, अनुराग तिवारी, बैकुंठनाथ तिवारी, अजय शर्मा, मुकेश यादव, अमन शर्मा सहित क्षेत्र के सैकड़ों युवा उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh