Latest News / ताज़ातरीन खबरें

रास्ते के विवाद में युवक की हत्या का खुलासा, तीन महिलाओं समेत आठ आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त चाकू, लोहे का पाइप व दो डंडे बरामद

देवरिया।थाना रामपुर कारखाना क्षेत्र में रास्ते के विवाद को लेकर हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन महिलाओं सहित कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू, लोहे का पाइप तथा दो डंडे भी बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) आनन्द कुमार पाण्डेय तथा क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी के पर्यवेक्षण में थाना रामपुर कारखाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम बरईपुर खास से विशुनपुर चिरकिहवा मार्ग स्थित पुलिया के पास घेराबंदी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों में अनुज कुमार सिंह, हितेश सिंह उर्फ आर्यन उर्फ भोलू सिंह, प्रेम सिंह उर्फ प्रदीप सिंह, गिरिजेश सिंह, गोरख सिंह, रानी देवी, दुर्गावती तथा सुभावती देवी उर्फ प्रभा देवी शामिल हैं। सभी आरोपी नौतन हथियागढ़, थाना रामपुर कारखाना के निवासी बताए गए हैं।

गौरतलब है कि 3 जुलाई 2026 को रास्ते के विवाद को लेकर हुई मारपीट में राजू विश्वकर्मा उर्फ चंदन की गंभीर चोटों के कारण मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में मृतक की पत्नी प्रीति शर्मा की तहरीर पर थाना रामपुर कारखाना में हत्या सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर हत्या और शस्त्र अधिनियम की धाराओं की बढ़ोतरी की गई।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद हत्या में प्रयुक्त सभी आलाकत्ल बरामद कर लिए गए हैं। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh