चोरों ने बन्द घर खंगाल ले गए 10 लाख के जेवर, नगदी भी साफ, घर के मुखिया गए थे बारात
घोसी।मऊ। तहसील क्षेत्र के दोहरीघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़ खनतिया ग्राम सभा में बुधवार की रात चोरों ने ऐसी वारदात को अंजाम दिया कि पूरे गांव में दहशत फैल गई। बेखौफ चोरो ने बन्द घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात की जानकारी उस समय हुई जब बारात से लौटे गृहस्वामी ने घर का टूटा ताला और बिखरा सामान देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच जांच-पड़ताल में जुट गई। जब की घर की महिला बाहर भैंस चोरी न हो जाए, इसको लेकर उसके पास सोई थी।
जानकारी के अनुसार खन्तिया निवासी रामवृक्ष पटेल पुत्र रामनाथ पटेल बुधवार की शाम एक बारात में शामिल होने बलिया गए हुए थे। घर के बाहर भैंस चोरी होने के डर से उनकी पत्नी राधिका देवी चारपाई लगाकर सो रही थीं। इसी दौरान देर रात अज्ञात चोर मुख्य चैनल गेट का ताला तोड़कर घर में घुस गए और पूरे घर को खंगाल डाला।
चोरों ने घर के दो कमरों में रखे पांच बक्सों के ताले तोड़ दिए और उसमें रखे कीमती सामान समेटकर फरार हो गए। रात करीब 12 बजे जब रामवृक्ष पटेल बारात से वापस लौटे तो घर का चैनल गेट टूटा मिला। शक होने पर उन्होंने पत्नी को जगाया और अंदर पहुंचे तो घर का नजारा देख उनके होश उड़ गए। कमरे अस्त-व्यस्त पड़े थे और बक्सों के ताले टूटे हुए थे।
पीड़ित परिवार के मुताबिक चोर करीब 20 हजार रुपये नगद तथा लगभग 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर ले गए। चोरी हुए सामान में दो मंगलसूत्र, सिकड़ी, हँसुली, नथिया, मांगटीका, करधन, अंगूठी, बाली समेत कई कीमती आभूषण शामिल हैं।
घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दोहरीघाट थाना प्रभारी संजय त्रिपाठी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की तलाश में जुटी है।
घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से जल्द चोरी का खुलासा कर सामान बरामद करने की मांग की है।
वहीं सीओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि चोरी की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
























































Leave a comment