Latest News / ताज़ातरीन खबरें

प्रेम विवाह करने वाली युवती ने परिवार पर अपहरण और जान से मारने की धमकी का लगाया आरोप

आजमगढ़। जिले की 19 वर्षीय युवती ने अपने ही परिवार पर अपहरण, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपा है। युवती का कहना है कि उसने अपनी मर्जी से प्रेम विवाह किया था, लेकिन परिजन उसे जबरन अपने ननिहाल ले जाकर पीटते और धमकाते रहे।


जानकारी के मुताबिक तरवां थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव निवासी पायल कुमारी (19) ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि उसने नौ जुलाई 2025 को दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट स्थित आर्य समाज सनातन वैदिक संस्कार ट्रस्ट में, मेह नगर थाना क्षेत्र के खरगपुर गांव निवासी अमन कुमार से स्वेच्छा से विवाह किया। शादी के बाद वह पति के साथ ससुराल में रह रही थी।

पायल ने आरोप लगाया कि 11 सितंबर 2025 को शाम लगभग पांच बजे उसके पिता, माता, चचेरे भाई और मामा उसके ससुराल पहुंचे और उसे बाल पकड़कर घसीटते हुए ले गए। रास्ते में उसे मारपीट का सामना करना पड़ा और ननिहाल नौरसियां में बंद कर दिया गया।

14 सितंबर को गांव के प्रधान के कार्यालय में पंचायत बुलाई गई। पंचायत में प्रधान के बेटे की मौजूदगी में पायल से पूछा गया कि वह किसके साथ रहना चाहती है। युवती ने स्पष्ट रूप से कहा कि वह अपने पति अमन कुमार के साथ रहना चाहती है। इसके जवाब में परिजनों ने उसे गालियां दीं, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।

पायल ने बताया कि किसी तरह वह ननिहाल से भागकर नौ अक्टूबर को दीवानी कचहरी में अमन कुमार के साथ कोर्ट मैरिज कर चुकी है। उसने आर्य समाज और कोर्ट मैरिज दोनों के प्रमाण पत्र पुलिस को सौंपे हैं। युवती का कहना है कि उसने पहले थाने में भी शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh