पुलिस कांस्टेबल और उसकी प्रेमिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज़ , बलरामपुर में महिला आरक्षी पत्नी द्वारा फांसी लगाने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
आजमगढ़/बलरामपुर। बलरामपुर जिले में महिला आरक्षी कोकिला यादव का शव उसके कमरे में पंखे से लटका हुआ पाया गया। जांच के दौरान महिला आरक्षी के कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें उसने पति का एक महिला के साथ नाजायज़ संबंध होने का उल्लेख किया है। पुलिस ने आजमगढ़ जिले के अतरौलिया थाने में तैनात आरक्षी पति विजय कुमार यादव और उसकी प्रेमिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। संतकबीरनगर के रहने वाले मृत महिला आरक्षी कोकिला यादव के पिता के मुताबिक बेटी की शादी बगल के गांव लालाजोत निवासी विजय यादव के साथ नवंबर 2021 में की थी। विजय भी पुलिस विभाग में आरक्षी पद पर तैनात है।
शादी के कुछ महीनों बाद पति का दूसरी महिला के साथ संबंध होने के बात पता चली, जिसको लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बलरामपुर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सक्सेना ने बताया कि बीती रात 1 बजे के बाद एक सूचना प्राप्त हुई कि थाना गैड़ास बुजुर्ग में तैनात महिला कांस्टेबल 2018 बैच की कोकिला यादव ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मौके पर थानाअध्यक्ष समेत सभी वरिष्ठ अधिकारी व फील्ड यूनिट की टीम भी पहुंची। फील्ड यूनिट टीम के द्वारा जांच करने पर एक सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में लिखा था कि उसकी शादी नवंबर 2021 में आरक्षी विजय कुमार यादव के साथ हुई थी। कांस्टेबल विजय कुमार यादव थाना अतरौलिया जनपद आजमगढ़ में तैनात हैं और उनका प्रेम-प्रसंग किसी दूसरी लड़की से चल रहा है। इसीलिए पति-पत्नी में विवाद भी हुआ था।
महिला आरक्षी के खुदकुशी करने की सूचना तत्काल मृतका के परिजनों को दी गयी। मृतका के पिता जवाहर लाल यादव के तहरीरी सूचना पर थाना गैंडास बुजुर्ग में आरक्षी पति विजय यादव व एक अन्य महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है।
























































Leave a comment