भीषण गर्मी में पशुओं का रखें विशेष ध्यान, दोपहर 12 से 3 बजे तक भार ढोने वाले पशुओं को दें आराम : डीएम
आजमगढ़। रविन्द्र कुमार ने जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और हीट वेव को देखते हुए पशुपालकों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। जिलाधिकारी ने कहा कि अत्यधिक गर्मी में पशुओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति विशेष सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।
डीएम ने समस्त पशुपालकों से अपील करते हुए कहा कि पशुओं को तेज धूप और लू से बचाने के लिए आवश्यक उपाय अपनाए जाएं। उन्होंने कहा कि पशु भी जीवित प्राणी हैं और उनकी सुरक्षा व देखभाल करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इसके लिए संबंधित विभागों को भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पशुओं में दिख सकते हैं हीट स्ट्रोक के लक्षण
भीषण गर्मी के कारण पशुओं में थकान, कमजोरी, भूख में कमी, दुधारू पशुओं का दूध कम होना, गर्भित पशुओं में गर्भपात, अत्यधिक हांफना, मुंह से लार गिरना, बुखार, हृदय गति बढ़ना और सुस्ती जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। समय पर पानी न मिलने पर पशुओं की मृत्यु तक हो सकती है।
डीएम ने बताए बचाव के उपाय
पशुओं को सीधे धूप में न बांधें, उन्हें छायादार एवं हवादार स्थान पर रखें।
दिन में कई बार स्वच्छ और ठंडा पानी उपलब्ध कराएं।
दोपहर में पशुओं को बाहर चराने या अनावश्यक रूप से ले जाने से बचें।
पशुशालाओं में वेंटिलेशन और पानी के छिड़काव की व्यवस्था रखें।
ताजा एवं पौष्टिक चारा दें, खराब या सड़ा चारा न खिलाएं।
पशुओं को नियमित रूप से नहलाएं और गर्म हवा से बचाने के लिए पर्दे लगाएं।
यदि पशुघर की छत टीन की हो तो उस पर पराली डालें ताकि गर्मी कम हो सके।
पशुओं को संतुलित आहार, नमक और मिनरल मिक्चर नियमित रूप से दें।
दोपहर 12 से 3 बजे तक भार ढोने वाले पशुओं को आराम जरूरी
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि 37 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान होने पर भार ढोने वाले पशुओं को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक आराम देना अनिवार्य है। इस नियम का पालन न करना पशु क्रूरता की श्रेणी में माना जाएगा।
डीएम ने लोगों से अपने घरों के बाहर पक्षियों के लिए पानी रखने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि पानी को समय-समय पर बदलते रहें ताकि गर्म पानी से पक्षियों को नुकसान न हो।
साथ ही उन्होंने कहा कि यदि पशुओं में हीट स्ट्रोक के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत निकटतम पशु चिकित्सालय से संपर्क करें और दुधारू पशुओं का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराएं।
























































Leave a comment